जिले के शेखपुरा मोहल्ले के कुरैशी क्वार्टर में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से 13 लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी और पुलिस की टीम मौके पर पहुचे। जिसके बाद घायलों को एसके अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसमें से 9 की हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं आसपास के मकानों में भी दरारें आ गईं।
जानकारी अनुसार, सीकर के कुरैशी क्वार्टर में अजीज अहमद कुरैशी के मकान में नंदलाल सिंधी का परिवार किराए पर रहता है। जहां आज सुबह सिलेंडर लीकेज की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में पड़ोसी पहुंचे थे। इस दौरान सिलेंडर से लीकेज बंद करने की कोशिश में धमाका हो गया। धमाके में घर के अंदर और बाहर मौजूद करीब 13 लोग घायल हो गए।
आस-पास के मकानों में आई दरारें
धमाका इतना तेज था कि आस-पास के कई मकानों में दरारें आ गई। सिलेंडर फटने की सूचना मिलते ही लोग घायलों की मदद करने मौके पर पहुंचे। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे का कारण गैस लीकेज होना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर यज्ञ सिंह देव, विधायक राजेंद्र पारीक, सीकर एसपी गगनदीप सहित कई आलाधिकारी अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद घटना की जानकारी ली।